Arfa

Mar 27 2024, 19:03

दरभंगा में गेमचेंजर की भूमिका में हैं ब्राह्मण-मुस्लिम
बिहार का दरभंगा एकमात्र लोकसभा सीट है, जहां 9 बार ब्राह्मण प्रत्याशी सांसद बने हुए हैं। इस सीट पर ब्राह्मण और मुस्लिम का ही वर्चस्व है। यही किसी का खेल बनाते हैं तो बिगाड़ते भी हैं। दरभंगा को ब्राह्मण जाति का गढ़ कहा जाता है। इस बार भी यहां से गोपाल जी ठाकुर को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर शुरुआती दौर से ही ब्राह्मण और मुस्लिम जाति का वर्चस्व रहा है। 1952 से लेकर1980 तक इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार लगातार जीत दर्ज करते रहे। सिर्फ 1977 में कांग्रेस की हार हुई थी। पहली बार दरभंगा में 1999 में कमल खिला था। हालांकि, 2004 में हार हुई। इसके बाद लगातार भाजपा जीत दर्ज कर रही है। फरवरी 1961 से अक्टूबर 1963 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे विवेकानंद झा भी दरभंगा से सांसद रहे हैं। भाजपा से गोपाल जी ठाकुर फिर बन सकते हैं सांसद

दरभंगा लोकसभा के इतिहास में सबसे अधिक वोट से जीतने वाले सांसद भाजपा के गोपाल जी ठाकुर हैं। 2019 में सबसे ज्यादा मतों से इनकी जीत हुई थी। वहीं, दूसरे नंबर पर अब्दुल बारी सिद्धिकी रहे थे। भाजपा की ओर से इस बार भी गोपाल जी ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है। वे दरभंगा के बेनीपुर विधानसभा से 2010 में भाजपा कोटे से विधायक रह चुके हैं। AIMIM भी उतार रही कैंडिडेट

वहीं, दूसरी ओर महागठबंधन में यह सीट राजद के कोटे में जाना निश्चित है। संभावित उम्मीदवारों में पहला नाम ललित यादव। वे दरभंगा ग्रामीण से विधायक हैं और महागठबंधन की सरकार में मंत्री थे। जबकि, दूसरा नाम राजद के जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव का है। उदय शंकर एमएलसी का चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी भी उम्मीदवारी को लेकर चर्चा तेज है। दरभंगा में AIMIM ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। बिहार में 11 सीटों पर AIMIM प्रत्याशी उतार रही है। इसमें दरभंगा भी शामिल है। यहां ब्राह्मण के बाद सबसे ज्यादा मुस्लिम वोटर हैं। अगर AIMIM अपना उम्मीदवार उतारती है तो मुस्लिम वोट में बिखराव हो सकता है।

जातीय समीकरण को समझिए

इस लोकसभा के राजनीतिक समीकरण को अगर समझे तो यहां सबसे अधिक वोट ब्राह्मण का करीब साढ़े चार लाख है। वहीं, दूसरे नंबर पर मुस्लिम करीब साढ़े तीन लाख है। वहीं, मल्लाह वोटर करीब दो लाख के पास है। वहीं, एससी और एसटी वोटरों की संख्या ढाई लाख से कुछ ज्यादा है। यादव वोटरों की संख्या एक लाख 60 हजार के आसपास हैं।

मछली, मखाना और पग है मीथिला की पहचान

दरभंगा के इतिहास में यहां के महाराज का भी अहम योगदान रहा है। दरभंगा से लेकर पूरे प्रदेश में उन्होंने शिक्षा से लेकर कई जनकल्याण के कार्य किए थे। कई कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, तिरहुत रेलवे, अशोक पेपर मिल की स्थापना कराई थी। एक समय मिथिलांचल का यह क्षेत्र तंत्र साधना के लिए भी विख्यात था। इस तंत्र साधना का प्रतीक है प्रख्यात एवं प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर। पान, मखाना, मछली और आतिथ्य सत्कार के लिए दुनिया में विख्यात है दरभंगा। यहीं से मखाना देश और दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा जाता है।

कीर्ति आजाद ने भाजपा को दिलाई थी एंट्री

भाजपा को दरभंगा में एंट्री दिलाने वाले कीर्ति आजाद रहे हैं। पहली बार 1999 में उन्होंने ही बीजेपी का खाता खुलवाया था। इसके बाद 2004 में हार हुई थी। लेकिन, फिर 2009 और 2014 में उन्‍होंने जीत हासिल की। 2019 में कृति आजाद ने बगावती तेवर अपना लिए थे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से विवाद होने के बाद भाजपा ने गोपाल जी ठाकुर को कृति आजाद की जगह चुनावी मैदान में उतारा था। यहां दरभंगा के इतिहास में सबसे ज्यादा वोटों से गोपाल जी की जीत हुई ।

1984 में हार के बाद दोबारा नहीं आ सकी कांग्रेस

1952 से लेकर 1962 तक हुए तीन आम चुनावों में कांग्रेस के टिकट पर श्रीनारायण दास चुनाव चुनाव जीते। इसके बाद 1967 के चुनाव में कांग्रेस की ओर से सत्यनारायण सिन्हा उम्मीदवार बनाए गए। वो चुनाव जीते भी। साथ ही इससे पहले दरभंगा से उमीदवार रहे श्रीनारायण को जयनगर मधुबनी की सीट से उम्मीदवार बनाया गया। वो यहां से चुनाव लड़े और अपने प्रतिद्वंदी सीपीआई के भोगेंद्र झा से हार गए। 1977 में कांग्रेस ने दरभंगा लोग सभा की सीट को गंवा दिया। इसके बाद 1980 में हरी नाथ मिश्रा की जीत के बाद कांग्रेस (आई) वापस आई। लेकिन, 1984 में हार के बाद अब तक कांग्रेस दरभंगा से जीत नहीं पाई है।

दरभंगा लोकसभा में 6 विधानसभा क्षेत्र


दरभंगा संसदीय क्षेत्र के 6 विधानसभा है। दरभंगा संसदीय क्षेत्र में गौड़ाबीराम, बेनीपुर, अलीनगर, ग्रामीण, दरभंगा (शहर) एवं बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र आता है। 5 विधानसभा एनडीए के पास है। इसमें से चार बीजेपी कोटे से, वहीं 1 जेडीयू कोटे के विधायक हैं। एक दरभंगा ग्रामीण राजद के पास है। 2019 के लोकसभा चुनाव में 16 लाख 44 हजार 671 वोटर थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में 17 लाख 74 हजार 656 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पुरुष मतदाताओं की संख्या 870601 थी। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 774045 थी। जबकि, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 25 थी। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में 933122 पुरुष, 841499 महिला एवं 35 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

दरभंगा का वैभवशाली इतिहास रहा है

बिहार की सांस्कृतिक राजधानी कही जाने वाली दरभंगा अपने समृद्ध एवं वैभवशाली इतिहास के साथ अपना अलग पहचान रखती है। यह क्षेत्र 16वीं सदी में दरभंगा राज की राजधानी थी। रामायण की महत्‍वपूर्ण घटनाओं का केंद्र माना जाता है। यहां देवी सीता के पिता जनक का राज था। बाद में मगध, शुंग, कण्व और गुप्त, मुसलमान शासक ने राज किया। इस क्षेत्र में ही कुमारिल भट्ट, मंडन मिश्र, गदाधर पंडित, शंकर, वाचास्पति मिश्र, विद्यापति, नागार्जुन जैसे महान विद्वानों ने अपना लेखनस्‍थली बनाया।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 27 2024, 18:53

ऐसा रास्ता जिससे सिर्फ 5 महीने ही होता है आवागमन‌
दशकों पहले बना एक पुलिया आज अपनी उपयोगिता के लिए सड़क ढूंढ रहा है। इस पुलिया के एक तरफ तो जोड़ने की सड़क है। लेकिन दूसरी ओर कोई सड़क नहीं है। ये पुलिया इस इलाके के लिए लाइफ लाइन है। इसकी इस दुर्दशा की वजह से लाखों की आबादी प्रभावित है। साथ ही हल्की भी बारिश में यहां की स्थिति नर्क हो जाती है। लेकिन इसके समाधान की ओर किसी का कोई ध्यान नहीं है। जानकारी हो कि ये पुलिया दरभंगा जिला के बिरौल अनुमंडल अन्तर्गत नगर पंचायत बिरौल जो पहले अफजला पंचायत हुआ करता था। उसकी तस्वीर है। उस समय के तत्कालीन गौरा बौराम विधानसभा के विधायक इजहार अहमद ने अपने ऐच्छिक कोष से इस पुलिया का निर्माण करवाया था। ताकि मुख्य बाजार के पुल घाट पर घंटों लगने वाले जाम से निजात मिल सके। SH-56 से महज 200 मीटर की दूरी पर बना ये पुलिया अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा है। धीरे-धीरे इसकी स्थिति जर्जर होती जा रही है।

जानकारी हो की इसके ठीक सामने से कई लोगों की निजी जमीन है। बिना जमीन के अधिग्रहण किए बिना पुलिया का निर्माण करा दिया गया। इसके बाद लोगों ने अपने-अपने जमीन की घेराबंदी कर ली। पुलिया से परिचालन पूर्ण रूप से बंद हो गया।

इसके बाद नए-नए राजनीति में उतरे वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने तत्काल अपने निजी पैत्रिक जमीन से होकर रास्ता मुहैया करवाया। खेत से होकर बने इस कच्ची सड़क से होकर साल में महज 4 से 5 महीना ही आवागमन होता है। बाद में बारिश और बाढ़ के पानी से आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है। वीआइपी सुप्रीमो मुकेश सहनी का घर भी इसी सड़क के किनारे है। अक्सर वो अपने घर आने के लिए इस सड़क का उपयोग करते हैं।

बावजूद इसके आज तक इसका कोई समाधान नहीं निकला। स्थानीय लोगों में प्रभात सहनी, मत्स्य जीवी सहयोग समिति के मंत्री फूलो सहनी का कहना है कि अगर यहां सड़क की समुचित व्यवस्था हो जाती है तो व्यापार सहित आने जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस क्षेत्र का विकास हो पाएगा।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 26 2024, 18:38

निर्माण के 30 साल पूरे...प्रखंड को नहीं मिला अपना भवन
गौड़ाबौराम प्रखंड मुख्यालय का अपने प्रखंड क्षेत्र में संचालन हो इसके लिए कई साल से जद्दोजहद चल रहा है। लेकिन इसका निराकरण आज तक नहीं हुआ है। कई बार इसको लेकर जिला से लेकर प्रखंड के अधिकारियों के साथ हुए इस बैठक में फिर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। जानकारी के मुताबिक बैठक में न्यायालय के निर्णय के साथ पहुंचे पक्ष को 4 महीने में भूमि अधिग्रहण का कार्य समाप्त करने और मुख्यालय के स्थाई भवन बनने के बाद बौराम में संचालित करने का निर्णय सुनाया गया। लेकिन अभी तक इस पर कोई पहल नहीं दिखाई दे रही है। 22 सितंबर 1994 को ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर घनश्यामपुर और बिरौल से 13 पंचायत को अलग कर गौड़ाबौराम प्रखंड बनाया गया। स्थापना के 29 साल बाद भी प्रखंड मुख्यालय का संचालन प्लस टू ओमकार उच्च विद्यालय के हरिजन छात्रावास में किया जा रहा है।

बहुत सीमित स्थान होने के कारण प्रखंड से जुड़े कई कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर चलाए जा रहे हैं। बाल विकास परियोजना का कार्यालय बिरौल के डुमरी जीरो माईल में स्थित एक नीजि मकान में चलाया जा रहा है। वहीं एमओ, बीएओ, बीसीओ जैसे अधिकारी का कहीं कार्यालय कहां यह आज तक किसी को नहीं पता। राह चलते हुए कहीं मिल गए तो ठीक वरना ढूंढना मुश्किल।

इस तरह सुविधाजनक माहौल में रहकर आम लोगों के दुखदर्द से मतलब नहीं रखने वाले अधिकारी भी चाहते हैं कि स्थिति यथावत रहे। जीर्णशीर्ण हो चुके हरिजन छात्रावास में 9 कमरा है। 1 कमरा अंचल गार्ड के आवास में तब्दील है। इस तरह महज 8 कमरे में प्रखंड मुख्यालय को सहजता से चलाया जा रहा है। कई साल से बौराम के पूर्व मुखिया मोतीऊर रहमान अधिसूचना के आधार पर मुख्यालय को बौराम में चलाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया है। साल 2020 में प्रखंड मुख्यालय भवन के निर्माण के लिए अधिकारियों ने सजगता दिखाई लेकिन जमीन अधिग्रहण के दौरान मूल्यांकन का मामला फंस गया। इसके बाद यह मामला फिर से ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

अधिकारियों द्वारा कभी भी यह प्रयास नहीं किया गया कि वर्तमान में संचालित होने वाले स्थान से बेहतर अगर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत कोई अन्य भवन है तो उसमें प्रखंड मुख्यालय का संचालन किया जाए। वर्तमान में भी प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत कन्हई पंचायत सरकार भवन पर प्रखंड मुख्यालय का संचालन किया जा सकता है जो कि बौराम से महज 1 किमी पश्चिम है। अगर छात्रावास में ही चलाया जाना है तो इस कच्चे और जर्जर हो चुके हरिजन छात्रावास से बेहतर बौराम में अल्पसंख्यक छात्रावास है।

कोठराम उवि छात्रावास जैसा खाली परा हुआ भवन मौजूद है मगर अफसरशाही माहौल में अधिकारियों के हितों को देखते हुए प्रखंड मुख्यालय बिरौल के उस कच्चे भवन में चलाया जा रहा है जहां कभी भी प्रखंड और अंचल का सारा रिकॉर्ड नष्ट हो सकता है। मकान कभी भी ध्वस्त हो सकता है और बारिश के पानी से एक भी कमरा सुरक्षित नहीं है।

प्रखंड मुख्यालय के कर्मी सगुनी पासवान ने बताया की ओमकार उच्च विद्यालय के छात्रावास में प्रखंड और आंचल दोनों कार्यालय संचालित हो रहा है। स्थिति तो जर्जर बनी हुई है। भवन बनना चाहिए लेकिन एक गौरबौरम में ऐसा प्रखंड है जिसके पास अभी तक कोई भवन नहीं है और आश्चर्य की बात यह है कि यह विधानसभा भी है।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 25 2024, 19:00

द पाठशाला के बच्चों ने मारी बाजी
दरभंगा के प्रखंड में पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी द पाठशाला के 12 वीं के बच्चों का रिजल्ट आनंदपुर में सर्वश्रेष्ठ रहा। इस दौरान रिजल्ट प्रशासन में मो. साहिल 416 एवं रिया कुमारी ने 401 अंको के साथ बेहतर प्रदर्शन में रही। वहीं, इसी तरह गुरुचरण 390, पप्पू-385, आदित्य कुमार 375, अजित कुमार 355, ज्योति कुमारी, अंजली कुमारी, आजाद कुमार गोपी के साथ इस प्रकार कई अन्य बच्चों ने प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हो कर अपने माता पिता के साथ साथ अपने गुरुजन का भी नाम ऊंचा किया।

इस दौरान द पाठशाला के निर्देशक अभिषेक कुमार का कहना था कि इन रिजल्ट के भागीदार बच्चों की खुद की कठिन परिश्रम तथा माता पिता का साथ होता है।

इसके साथ साथ उनके गुरुजनों के बताएं गए मार्ग एवं निर्देशन की भूमिका भी आवश्यक होती है। बच्चों को रिजल्ट के अंक को ध्यान में न रखकर आगे बढ़ने की आवश्यकता जब तक वो जीवन में कामयाब न हो जाए।

उनका कहना था कि बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझना चाहिए और अपने जीवन में इसे उपयोग में लाने का प्रयास करना चाहिए।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 25 2024, 18:57

सोन चिड़ैया के कवि रेवती रमण पाठक नगर हुड़ार से सम्मानित
समाहार साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था की ओर से पच्चीसवां हुड़ार महोत्सव का आयोजन राघवश्री" मुहल्ला-जुरावन सिह, दरभंगा में अखिलेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आशुतोष द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि नगर निगम पार्षद सोनी देवी एवं मंचस्थ अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रथम सत्र में कार्यक्रम के संयोजक कामेश्वर कुमार ओझा ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच के सचिव अमिताभ कुमार सिन्हा ने अध्यक्ष सह सभा में उपस्थित सदस्यों के बीच नगर हुड़ार के लिए रेवती रमण पाठक के नाम की घोषणा की।

निवर्तमान नगर हुड़ार हीरा लाल सहनी ने रेवती रमण पाठक को पादुका सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर मुख्य अतिथि आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि होली हमारी सांस्कृतिक एकता का महापर्व है।

वहीं, वरिष्ठ पत्रकार अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने कहा कि होलिकादहन का सनातन संस्कृति में विशेष महत्व है। इसी को ध्यान में रखकर प्रेम के इस पर्व को हुड़ार महोत्सव के रूप में मनाया जाता है।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 25 2024, 18:55

शांतिपूर्ण होली मनाने के लिए 483 स्थलों पर दंडाधिकारी और बल प्रतिनियुक्त, नियंत्रण कक्ष का नंबर- 06272-240600
रविवार की रात होलिका दहन, 25 एवं 26 मार्च को होली पर्व मनाया जाएगा। विधि-व्यवस्था के मद्देनजर पुलिसिंग की विशेष व्यवस्था के बीच चौकसी के लिए दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती के साथ फ्लैग मार्च एवं चेकिंग अभियान को असरदार रूप से करने का निर्देश डीएम राजीव रौशन और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने दिया है। किसी भी स्थिति से निबटने के लिए क्यूआरटी की टीम को लगाने के साथ ही अर्धसैनिक बल को लगाया गया है।


वहीं, दूसरी ओर से डीएम एवं एसएसपी द्वारा जिला संयुक्त आदेश जारी किया गया है। त्योहार को लेकर 483 स्थलों पर दण्डाधिकारी पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। दूसरे दिन कुछ स्थलों पर परम्परागत झुमटा, बसिऔरा जुलूस निकाले जाने की परम्परा रही है। इस वर्ष होली पर्व 25 एवं 26 मार्च को मनाया जाएगा। दोनों संप्रदाय की मिली-जुली आबादी को ध्यान में रखते हुए इस त्योहार के अवसर पर कड़ी निगरानी एवं सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

लोकसभा आम निर्वाचन 2024 की घोषणा हो चुकी है। उक्त अवसर पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने इत्यादि के लिए दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। रमजान का महीना चल रहा है, मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखे हुए हैं, प्रत्येक शुक्रवार को रोजा के दिन मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा की जाती है। अंतिम शुक्रवार को अलविदा होने के कारण मस्जिदों के अतिरिक्त कहीं-कहीं सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक नवाज अदा की जाती है, ऐसी स्थिति में खासकर नमाज एवं इफ्तार के समय सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।


ट्रैफिक इंचार्ज व्यवस्था दुरुस्त करना सुनिश्चित करेंगे ट्रैफिक इंचार्ज को निर्देश दिया है कि शहरी क्षेत्र में होली पर सभी चौक-चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस को प्रतिनियुक्त करेंगे। ट्रैफिक एवं विधि व्यवस्था का संधारण करेंगे। भ्रमणशील रहते हुए यातायात व्यवस्था संचालित कराने के लिए कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। विशेष सतर्कता बरतते हुए निगरानी सुनिश्चित करेंगे सभी एसडीओ, एसडीपीओ को निर्देशित किया गया है कि शांति समिति के सदस्यों से समन्वय स्थापित कर भीड़ की गतिविधि क्रियाकलाप पर निगरानी रखने के लिए संवेदनशील चौक-चौराहों पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।

वायरलेस और कंट्रोल रूम 24 घंटे चालू रखने का निर्देश होली के अवसर पर 24 मार्च से 26 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। जिसका दूरभाष संख्या 06272-240600 है। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में चित्रगुप्त कुमार डीडीसी, दरभंगा मोबाइल नम्बर 9431818365 रहेंगे। जिले का वितंतु सेट 24 से 26 मार्च तक खुला रहेगा। अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वह होली पर अग्निशमन दस्ता की एक टुकड़ी को जिला नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 25 2024, 12:02

दरभंगा जिले में एक लाख से अधिक बढ़े मतदाता
दरभंगा संसदीय क्षेत्र में चौथे चरण में 13 मई को 1785 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इस चुनाव में पिछले चुनावी वर्ष 2019 की तुलना में एक लाख 23 हजार 398 अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन जहां इसकी तैयारी एवं शत-प्रतिशत मतदान कराने को लेकर हर स्तर पर जुटा है। वहीं, राजनीतिक दल के साथ-साथ संभावित निर्दलीय उम्मीदवार सभी उपलब्ध माध्यम से मतदाता तक अपनी पहुंच बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इस संसदीय क्षेत्र के लिए 18 से 25 अप्रैल तक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम के समक्ष उम्मीदवार नामांकन करेंगे।

वर्तमान में मतदाताओं की संख्या 17 लाख 74 हजार 656 है। एनडीए उम्मीदवार को मिली थी जीत

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में निर्दलीय सहित आधा दर्जन उम्मीदवार मैदान में थे। एनडीए उम्मीदवार गोपालजी ठाकुर एवं महागठबंधन के प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी थे। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार गोपालजी ठाकुर ने सिद्दीकी को दो लाख 67 हजार 979 मतों से पराजित किया था 58.24 हुआ था मतदान


पिछले लोकसभा चुनावी वर्ष 2019 के आंकड़ें बताते हैं कि उस वर्ष मतदाताओं की संख्या 16 लाख 51 हजार 258 थी। उस समय लोकसभा चुनाव में 58.24 प्रतिशत मतदान हुआ। यानी नौ लाख 61 हजार 692 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था।

इसमें पुरुष मतदाताओं प्रतिशत 53.62 एवं महिला मतदाताओं का का प्रतिशत 63.43 था। सभी मत वैध करार दिए गए थे। छह विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 60.90 प्रतिशत मतदान गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र में हुआ था, जबकि सबसे कम 54.97 प्रतिशत मतदान ग्रामीण क्षेत्र में हुआ था।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 24 2024, 16:22

लूट की मोबाइल के साथ तीन शातिर गिरफ्तार
दरभंगा जिले में लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सदर थाना क्षेत्र की पुलिस ने करवाई की। घटना शुक्रवार को देर रात दिया गया था। एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी दल को गठित किया गया था। गिरफ्तार युवक के पास से मोबाइल सहित रुपए भी बरामद किया गया था।

चनोरा गांव का निवासी है राजा सदर थाना की पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शातिरों मे सदर थाना क्षेत्र के कटरहिया पोखर निवासी मुन्ना उर्फ मुनैल कुरेशी के पुत्र तनवीर उर्फ अफरीदी ,मों मुमताज के पुत्र मों इम्तियाज ,प्रदीप कुमार मंडल के पुत्र राजा का नाम शामिल है। राजा मूल रूप से मधुबनी जिला के झंझारपुर थाना क्षेत्र के चनोरा गांव का निवासी है और वर्तमान मे सदर थाना क्षेत्र के कटरहिया मे रहता है।

जानकारी हो की शुक्रवार की दस बजे रात मे एक व्यक्ति को चाकू का भय दिखाकर वीवो कंपनी का मोबाईल लूट लिया था। SSP ने इसी सूचना पर सदर SDPO के नेतृत्व मे छापेमारी दल का गठन। छापेमारी टीम के सदस्यों ने कांड मे लूटे गए मोबाइल के अलावे तीन टच स्क्रीन मोबाइल और एक लाख 17 हजार रुपए बरामद किया है।

छापेमारी टीम मे सदर के अलावे सदर थाना अध्यक्ष अमृत कुमार साह ,सदर थाना के ससशत्र बल एवं डीआईयू की टीम शामिल थी।

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 24 2024, 16:20

फराज फातमी ने JDU से दिया इस्तीफा
लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आने लगा है, नेताओं के पाला बदलने का दौर शुरू हो गया है। आज से कुछ दिन पहले दरभंगा के पूर्व सांसद और जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव अली अशरफ फातिमा ने अपने नैतिक मूल्यों का हवाला देते हुए जदयू से इस्तीफा दे दिया इसके बाद उन्होंने मधुबनी लोकसभा से चुनाव लड़ने की बात कही थी।

वहीं आज अली अशरफ आदमी के बेटे फराज फातमी ने भी अपने नैतिक मूल्यों का हवाला देते हुए अपना त्यागपत्र जनता दल यू के अध्यक्ष को भेज दिया है। त्यागपत्र देते हुए उन्होंने कहा है की नैतिक मूल्यों की रक्षा के लिए मैं जदयू के प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा देता हूं। अब उनके इस्तीफा देने के बाद इनके भी राजद में जाने के प्रयास लगाए जा रहे हैं।

केवटी विधानसभा से विधायक रह चुके हैं।


जानकारी हो कि 2015 में फराज फातमी केवटी विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। वह 26 वर्ष के थे जब उन्होंने 2010 में केवटी, दरभंगा से अपना पहला विधान सभा चुनाव लड़ा था। उस वक्त वह अशोक कुमार यादव से 28 वोटों से हार गए। 2015 का बिहार विधान सभा चुनाव उनके लिए बेहतर साबित हुआ क्योंकि उन्होंने उसी निर्वाचन क्षेत्र से 7 हजार वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने अगस्त 2020 में राष्ट्रीय जनता दल छोड़ दिया और उसी दिन, वह कैबिनेट मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव की उपस्थिति में जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। और आज उन्होंने जदयू से त्यागपत्र दे दिया है।

अपने इस्तीफा क्यों दिया?

मेरे इस्तीफा देने का कारण है कि बिहार में एक अच्छी सरकार चल रही थी। चाचा और भतीजे की, विकास और सामाजिक न्याय की सरकार चल रही थी। आखिर किस दबाव में आकर नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया। पूरा देश उनकी तरफ देख रहा था। बिहार से एक क्रांति निकलती, एक इंकलाब निकलता। उसको रोकने का काम किया गया। इसी पीड़ा और तकलीफ को मैने जब देखा, तब पार्टी से मुझे मजबूरी में इस्तीफा देना पड़ा। CM नीतीश किस दबाव में हैं, वो मैं नहीं जानता। उन्होंने काम किया, तेजस्वी ने और अच्छा काम किया, नौकरी दी। 17 महीने में 5 लाख युवाओं को नौकरी देना कोई मामूली काम नहीं है, जो तेजस्वी ने कर दिखाया।

सरकार के टूटे काफी दिन अब बीत चुके हैं।

पहले पिता, फिर आपने इस्तीफा दिया ?

यही कारण है कि मैने बहुत विचार किया, इसमें तो मुझे नहीं लगा कि मुझे जारी रखना चाहिए क्योंकि मुल्क में आपातकाल लगी हुई है। सभी डर और भय में जी रहे हैं कि किसपर, कहां, कब दबिश हो जाए। इसलिए कोशिश करनी है कि वैसे सोच और विचार को खत्म करना है।

अगला कदम क्या होगा, क्या राजद में जाएंगे ?

बहुत जल्दी विचार होगा, अभी तो मैं ये नहीं कह सकता।

इस्तीफा के संबंध में JDU के किसी बड़े नेता से बात हुई है ?

नहीं, मेरी बात नहीं हुई है। मैने अपना विचार प्रकट करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

किसी माध्यम से इस्तीफा दिया ?

मेरी मुलाकात किसी से नहीं हुई है। ऑफिस बंद था, इसलिए मैने मेल के जरिए भेजा है। ऑफिशियल ईमेल पर इस्तीफा भेज दिया है।

इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है ?

वो मुझे नहीं पता, मुझे अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। मैने अपने तरफ से इस्तीफा भेज दिया है

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट

Arfa

Mar 24 2024, 11:56

मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित
मतदाता जागरूकता एवं युवाओं की मतदान प्रक्रिया में जोर शोर से भागीदारी के लिए शनिवार को मारवाड़ी महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्यांशु श्री, नंदनी, खुशबू,अनिल दाहा,विवेक कुमार, निशु कुमार झा, सुधांशु सिंह झा, ऋषिका कुमारी आदि 30 से अधिक छात्र छात्राओं ने मॉक मतदान का डेमो दिया और मतदान से संबंधित पोस्टर प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में विवि एनएसएस समन्वयक एवं मारवाड़ी कॉलेज में अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डा विनोद बैठा, वरिष्ठ शिक्षक डा एसके गुप्ता, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ सुनीता कुमारी, डॉ विकास सिंह, डॉ नीरज कुमार तिवारी, डॉ हेमन्त कुमार ठाकुर, डॉ संजय कुमार, डॉ निशा कुमारी, डॉ अमित कुमार सिंह, डॉ धीरज कुमार चौधरी, गंगेश कुमार झा, डॉ फारुख आजम, डॉ शकील अख़्तर, डॉ निर्मल कुमारी आदि शिक्षक उपस्थित हैं

दरभंगा से आरफा प्रवीन की रिपोर्ट